जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार को यहां राजभवन परिसर में बड और बिल्व का पौधा लगाकर अपना 79 वां जन्म दिवस मनाया। प्रदेश की प्रथम महिला श्रीमती सत्यवती मिश्र, राज्यपाल के पुत्र अमित मिश्र और पौत्र अक्षत मिश्र ने राज्यपाल कलराज मिश्र के लगाये पौधों को सींचा।
राज्यपाल ने सुबह राजभवन मंदिर में की पूजा- राज्यपाल कलराज मिश्र ने आज प्रातः राजभवन स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मिश्र ने प्रातः गाय को चारा खिलाया और मोरों व अन्य पक्षियों को दाना डाला।
राज्यपाल को मिली बधाई- राज्यपाल कलराज मिश्र को प्रातः काल से ही दूरभाष पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, उपराष्ट्रपति एम. वैकंया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दूरभाष पर राज्यपाल कलराज मिश्र को जन्म दिन की बधाई दी। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने मिश्र को स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री गहलोत ने दी राज्यपाल को बधाई- प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल मिश्र को उनके जन्म दिवस पर बधाई दी है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी ने भी राज्यपाल को बधाई दी।
ताजा खबरों के लिए लोकप्रिय समाचारपत्र 'राजस्थान मीडिया' के फेसबुक पेज rajasthan media को लाइक करें,ट्विटर पर @rajasthan_media फॉलो करें,खबर rajasthanmedianews@gmail.com पर मेल करें।